एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखंड मेड़ता के शहरी क्षेत्र मेड़तारोड में 12 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक वार्डवार शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को मौके पर ही त्वरित राहत एवं लाभ प्रदान करना है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण भी किया जाएगा।
शिविरों के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए नगरपालिका मेड़तारोड के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है, ताकि अधिकाधिक पात्र नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिविरों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, नगरीय विकास, जलदाय, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य विभागों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासन का मानना है कि इन शहरी सेवा शिविरों के आयोजन से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मेड़तारोड शहरी क्षेत्र में इन शिविरों का आयोजन वार्डवार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा, जिसकी विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।
