आधार सेवाओं को मिलेगा नया आयाम: नागौर में 127 ऑपरेटर्स को UIDAI ने दिया विशेष प्रशिक्षण

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।आधार सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिला परिषद सभागार में आधार ऑपरेटर्स एवं सुपरवाइजर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिलेभर से आए 127 आधार ऑपरेटर्स एवं सुपरवाइजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आधार नामांकन और अद्यतन प्रक्रियाओं से जुड़े नवीनतम तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आधार सेवाओं में होने वाली त्रुटियों को कम करना, तकनीकी दक्षता को बढ़ाना तथा UIDAI द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधार नामांकन की प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा नवीन तकनीकी अपडेट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक खेमराज सिंह, केंद्र प्रबंधक आधार सेवा केंद्र (ASK) जोधपुर तथा भोमसिंह चौहान, केंद्र प्रबंधक आधार सेवा केंद्र (ASK) नागौर ने ECMP (Enrollment Client Multi Platform) प्रणाली की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और गुणवत्ता सुधार के उपायों की जानकारी साझा की। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक कुम्भाराम रेलावत ने की। उन्होंने कहा कि आधार आज देश के करोड़ों नागरिकों की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, इसलिए आधार सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों का प्रशिक्षित और दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से सेवा गुणवत्ता में सुधार आता है और आमजन को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित सेवाएं प्राप्त होती हैं।
रेलावत ने बताया कि राजस्थान में UIDAI से संबद्ध केवल पांच आधार सेवा केंद्र संचालित हैं, जिनमें से एक आधार सेवा केंद्र 14 अप्रैल 2026 से नागौर जिला मुख्यालय पर महिला पुलिस थाना के सामने, नकास गेट के पास संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र पर वर्तमान में 13 प्रशिक्षित आधार ऑपरेटर्स सेवाएं दे रहे हैं। यहां 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आधार नामांकन, आधार संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार संबंधी सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आधार सेवाओं में पारदर्शिता, दक्षता और विश्वसनीयता को मजबूत करेंगे तथा नागरिकों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।