अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त रायपुर) बंशीलाल पाण्डर के निकट पर्यवेक्षण में रायपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुरु पूर्णिमा के दिन वृद्धा के साथ हुई सोने की लूट की वारदात का महज 04 घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों—सुनील पुत्र रामनिवास (निवासी जसनगर, नागौर) और चैनाराम बावरी पुत्र (उम्र 28 वर्ष, निवासी इंद्रा कॉलोनी, रायपुर)—को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है।
हाथापाई कर छीने थे सोने के आभूषण
घटनाक्रम के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पीड़िता सुंदरी देवी (65), निवासी गुड़िया, अपने जेठौत बगदाराम के साथ राम प्याऊ माधव आश्रम (पिपरिया) से कार्यक्रम संपन्न कर दोपहर करीब 3:30 बजे घर लौट रही थीं। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार आरोपी सुनील व चैनाराम ने उन्हें रोककर हाथापाई की और पीड़िता के पहने हुए डेढ़ तोले की सोने की कंठी, आधा तोला माथे का बोर और आधा तोला कान के पत्ते तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर तुरंत अनुसंधान शुरू किया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी राजू राम सीरवी के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने भाग रहे बदमाशों को अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर दस्तयाब किया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी कई अपराध करने की बात स्वीकार की है। कार्रवाई में कांस्टेबल होनाराम, मनोज, नंदलाल और साइबर सेल के नैनाराम की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से अनुसंधान कर रही है।
