बरोदा में स्वच्छ भारत मिशन की खुली पोल, गांव में पसरी गंदगी

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के बरोदा गांव में स्वच्छ भारत मिशन योजना के दावे खोखले नजर आ रहे हैं। गांव की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी जमा है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में जमा कचरे और गंदे पानी से बदबू फैल रही है तथा बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी रविन्द्र मलोदीया ने बताया कि सफाई का टेंडर नहीं होने के कारण गांव और नालियों की सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था सुचारू करवाने और नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि गांव में स्वच्छ वातावरण बना रहे।