माली समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान का सबसे बड़ा मंच, पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी होंगे मुख्य अतिथि

दूनी में 28 जून को सजेगा भव्य समारोह गांव-गांव से आएंगे होनहार,शिक्षा और सेवा के सितारे होंगे सम्मानित।

महेंद्र कुमार सैनी

स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट दुनी अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान, जिला टोंक के तत्वावधान में 28 जून 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे ओम पैराडाइज, चौथमाता मंदिर के पास, दूनी में “पंचम सर्व माली समाज जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह” आयोजित होगा।संस्थान के जिला अध्यक्ष महावीर प्रसाद माली ने बताया कि समारोह में सत्र 2025-26 में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक में 75% या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी, बीटेक, एमटेक, सीए, सीएस, एमबीबीएस, बीएएमएस, पीएचडी, नेट आदि में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी और 5 जून 2025 से 31 मई 2026 तक नवनियुक्त कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर सम्मानित व्यक्तियों और भामाशाहों का भी सम्मान होगा।जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भैरूलाल माली ने बताया कि संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी से भेंट कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। पूर्व मंत्री ने समारोह के पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं।समारोह में टोंक जिले के अलावा पनवाड़ समिति चौखला एवं उनियारा खुर्द समिति चौखला के अन्य जिलों में स्थित गांवों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिला व तहसील कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण होगा। संस्था पूर्व में दो राज्य स्तरीय और दो जिला स्तरीय समारोह आयोजित कर चुकी है।तैयारियों को दिया अंतिम रूप
दूनी स्थित ओम पैराडाइज में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें भोजन, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, पंजीकरण, सम्मान प्रक्रिया, आगंतुकों की सुविधा तथा अतिथियों के आमंत्रण पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने आयोजन को समाज की एकता, प्रतिभा और गौरव का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया।बैठक में संरक्षक प्रहलाद तलाईच, जिला अध्यक्ष महावीर प्रसाद माली, दूनी तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश माली, उदा लाल माली, रामराज माली, राजेश माली, छगनलाल माली, हरिशंकर सैनी, सीताराम माली, महेश माली सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की वास्तविक पूंजी उसकी प्रतिभाएं हैं। मेधावी विद्यार्थियों, कर्मठ युवाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और शिक्षा, सेवा, अनुशासन व सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।समारोह के निवेदक जिला उपाध्यक्ष रामराज तलाईच, गोपाल तलाईच सहित देवली, दूनी, मालपुरा व टोडारायसिंह तहसील कार्यकारिणी हैं। सौजन्य ओम ट्रेडर्स एवं ओम पैराडाइज, दूनी के प्रो. ओमप्रकाश सैनी, दूनी तहसील अध्यक्ष द्वारा किया गया है।