मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। थलखुर्द से ककरोलिया घाटी तक जाने वाली डामर सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग हादसों का कारण बनता जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी और अन्य लोग आवागमन करते हैं। कई स्थानों पर सड़क की डामर परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे सफर जोखिम भरा हो गया है।
थलखुर्द निवासी नंदलाल गुर्जर ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का पुनर्निर्माण एवं गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
