नीरज मीणा
महुवा।स्मार्ट हलचल/राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन तथा तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत “नशीली चीज़ों को ना कहें, अपने सपनों को हाँ कहें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा मीना ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय स्टाफ ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक की छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए सीमा मीना ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उनके प्रकार तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बच्चों एवं परिवारों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ नशा मुक्ति के प्रति भी लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने छात्र छात्राओं से नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम की बुकलेट एवं गाइडलाइन का पालन करने तथा शिकायत एवं सुझाव के लिए स्थापित “कोर्ट वाली दीदी” बॉक्स की जानकारी भी दी। इस अवसर पर प्राचार्य हनुमान प्रसाद मीणा, श्याम सुंदर गुर्जर,कविता मीना, हरबान बैरवा, गणेश गुर्जर, देवीसिंह फौजदार, कमलेश शर्मा, उमेश सांवरिया, कमल मीना, करिश्मा शर्मा, हेमलता मीना, अमितेश शर्मा, जावेद शाह, विक्रम मीना, समशाद बेगम सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं थीं।
