अरवड़@- स्मार्ट हलचल|पुरानी अरवड़ कस्बे में दीपावली के अवसर पर वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन आज भी पूरे उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ किया जा रहा है। अन्नकूट पर्व पर गांव की हथाई पर 102 वर्ष पुरानी विशिष्ट परंपरा ‘केसर री मनवार’ का आयोजन हुआ। इस दौरान दीपोत्सव की रामा-श्यामा के अवसर पर 36 कौम के लोग एकत्रित हुए और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की मेजबानी कानावत परिवार की ओर से की गई। प्रभु सिंह कानावत ने बताया कि पूर्वजों से विरासत में मिली इस सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाना परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। परंपरा के तहत वर्षभर में जिन परिवारों में किसी सदस्य का निधन हो जाता है, उनके परिजनों को गांव की हथाई पर आमंत्रित कर केसर की मनुहार दी जाती है और शोक तुड़वाने की रस्म निभाई जाती है। इस परंपरा का उद्देश्य शोक संतप्त परिवारों को सामाजिक रूप से फिर से जोड़ना तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना है। इसके माध्यम से समाज के लोगों के आपसी गिले-शिकवे भी दूर होते हैं। आयोजन में गांव की सभी जातियों के लोगों की सामूहिक भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पारंपरिक हिड़ गायन की शुरुआत की। इसके बाद ग्रामीणों की टोलियां देर रात 11 बजे तक गांव की गलियों में घूम-घूमकर हिड़ गायन करती रहीं। इस दौरान गांव में सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।