सूरौठ।स्मार्ट हलचल|कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित सर्राफा व्यवसाई विनोद गोयल की दुकान की दीवार तोड कर बीती रात्रि को चोर दुकान में घुस गए तथा चांदी सोने के आभूषणों को चुरा ले गए। शुक्रवार को तड़के पडौसी ने जब दुकान की दीवार टूटी देखी तो चोरी की वारदात का पता चला। चोरी की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कालीचरण शर्मा, एएसआई साहब सिंह गुर्जर एवं अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा वारदात का मुआयना किया।
सर्राफा व्यवसाई विनोद गोयल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात्रि को दुकान की पीछे से दीवार तोड कर तथा जीने के गेट को तोड़कर चोर उसकी दुकान में घुस गए तथा काउंटर में रखे सोने चांदी के जेवरातों को चुरा ले गए। रिपोर्ट में यह स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है कि कितने आभूषण चोरी हुए हैं। शुक्रवार को तड़के 5: 18 बजे के करीब पडौसी अरुण गोयल ने जब दुकान की दीवार टूटी हुई देखी तो अरुण ने दुकान मालिक विनोद गोयल को फोन कर इस बारे में सूचना दी। व्यवसाई विनोद ने दुकान पर आकर शटर खोली तो चोरी की वारदात का पता लगा। इसके पश्चात कस्बे के लोगों ने थाने पहुंच कर थाना प्रभारी कालीचरण शर्मा से चोरी की वारदात का खुलासा करवाने की मांग की। थाना प्रभारी कालीचरण शर्मा ने बताया कि पुलिस चोरी का पर्दाफाश करने का प्रयास कर रही है।
