पुरानी रंजिश में अधेड़ पर जानलेवा हमला, हाथ-पैर टूटे, नागौर रेफर

एजाज़ अहमद उस्मानी

मेड़ता रोड|स्मार्ट हलचल|कुचेरा थाना क्षेत्र के निंबड़ी चादावाता गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल व्यक्ति के हाथ व पैर दोनों टूट जाने की जानकारी मिली है। गंभीर अवस्था को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद घायल को नागौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने अधेड़ व्यक्ति को घेरकर उस पर लाठियों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायल की हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नागौर रेफर कर दिया। हमले में घायल व्यक्ति के हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही कुचेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।