विश्व प्रसिद्ध नागेश्वर जैन तीर्थ में कल से चातुर्मास का शुभारंभ, साध्वी मंडल का होगा भव्य मंगल प्रवेश

चार माह तक गूंजेंगे धर्म, तप और प्रवचन; देशभर से उमड़ेंगे श्रद्धालु, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
झालावाड़|स्मार्ट हलचल|विश्व प्रसिद्ध उन्हेल नागेश्वर जैन तीर्थ में 24 जुलाई से चातुर्मास महापर्व का शुभारंभ होगा। साध्वी राजरत्नश्रीजी म.सा., जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. एवं देशनाकीर्ति म.सा. आदि ठाणा के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले इस चार माह के आध्यात्मिक पर्व को लेकर तीर्थ परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शुक्रवार को आलोट रोड स्थित गौशाला से साध्वी मंडल का भव्य मंगल प्रवेश होगा। बैंड-बाजों के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु चावल की गवली कर साध्वी मंडल का अभिनंदन करेंगे। मंगल प्रवेश के बाद आराधना भवन में मांगलिक प्रवचन होंगे।
दोपहर में साधर्मिक भक्ति, श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक महापूजन, संध्याकाल में भगवान की भव्य अंगरचना एवं रात्रि भक्ति का आयोजन किया जाएगा। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, आराधना, तप एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
ट्रस्ट सचिव धर्मचंद जैन ने बताया कि चातुर्मास में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने धर्मप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।