हमीरगढ़ (भीलवाड़ा)स्मार्ट हलचल|जिले की हमीरगढ़ थाना पुलिस ने कस्बा स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में करीब 15 महीने पहले हुई लाखों रुपये के आभूषणों और नकदी की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी इतने शातिर थे कि वे वारदात के वक्त न तो मोबाइल इस्तेमाल करते थे और न ही घटनास्थल पर कोई सुराग छोड़ते थे; यहां तक कि वे मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए थे।
550 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी ले उड़े थे चोर
हमीरगढ़ पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2025 को चामुंडा माता मंदिर के पुजारी पूरण माली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 10-11 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने माताजी की मूर्ति का शृंगार (करीब 550 ग्राम सोने और 5 किलो 150 ग्राम चांदी के जेवरात) और नकदी से भरा दानपात्र पार कर लिया था।
दिन में रैकी, रात में वारदात; डीवीआर भी ले जाते थे साथ
पुलिस जांच में आरोपियों के वारदात करने का एक विशेष तरीका सामने आया है। आरोपी दिन के समय घूमकर ऐसे एकांत मंदिरों को चिह्नित करते थे, जहां चढ़ावा और जेवरात अधिक होते थे। रात के समय ये सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए सुनसान रास्तों से मंदिर पहुंचते थे। वारदात के बाद वे सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी की डीवीआर अपने साथ ले जाते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी वारदात के समय अपना मोबाइल फोन भी बंद रखते थे।
परंपरागत पुलिसिंग से चढ़ा हत्थे
मंदिर के पीछे जंगल होने और तकनीकी सुराग न मिलने के कारण यह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। हमीरगढ़ थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने ‘परंपरागत पुलिसिंग’ (Traditional Policing) का सहारा लिया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों का लगातार पीछा किया गया। इसी आसूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
- ज्ञानदास (26) पुत्र गोपीदास कामड, निवासी पलाना कला, थाना घासा (उदयपुर)।
- घनश्याम (32) पुत्र उदयराम नायक, निवासी फेमडिया खेड़ा, हाल अरनोदा, थाना सदर निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
- श्री सुनील कुमार बेड़ा (पु.नि., थानाधिकारी हमीरगढ़)
- श्री विशम्बर दयाल (हेड कांस्टेबल 965) – विशेष योगदान
- श्री विकास यादव (स.उ.नि.), श्री राहुल शर्मा (हेड कानि.), श्री दिनेश कुमार, श्री शांतिलाल, श्री बलबीर सिंह ढाका (कांस्टेबल – थाना हमीरगढ़)
- साइबर सेल व डीएसटी भीलवाड़ा टीम: स.उ.नि. आशीष मिश्रा, हेड कानि. चन्द्रपाल, हेड कानि. दिलीप सिंह, कानि. पिन्टुलाल, अनिल कुमार व दिलीप सिंह।
