पारोली, 25 जून 2026। भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के आदेशानुसार चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पारोली थाना पुलिस ने आगरिया गांव के देवनारायण भगवान मंदिर में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मंदिर की सराय से अनाज चुराने वाले आरोपी छोटू लाल गुर्जर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है।
प्रार्थी नारायण पिता जगदीश जाट निवासी आगरिया ने रिपोर्ट दी थी कि 20 जून 2026 की रात को अज्ञात चोर देवनारायण मंदिर की सराय का ताला तोड़कर गेहूं व मक्की के 11 कट्टे (करीब 600 किलो धान) चुरा ले गए। सुबह जब वह कबूतरों को दाना डालने गया तो ताला टूटा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एएसपी शाहपुरा राजेश आर्य व डीएसपी कोटड़ी सुरेश डाबरिया के सुपरविजन में थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के बीटीएस लेकर करीब 50-60 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। कैमरों के आधार पर रूट ट्रैक कर पुलिस ने आरोपी छोटू लाल पिता गोपाल गुर्जर (उम्र 26 साल) निवासी रूपपुरा, फुलिया कला को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिरों की रेकी कर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 525 किलो अनाज और चोरी में प्रयुक्त अल्टो 800 कार जब्त की है।
सराहनीय कार्य करने वाली पारोली पुलिस टीम:
इस वारदात को खोलने में थानाधिकारी सियाराम (पुनि), सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर लाल, कांस्टेबल सुनील (590), शैतान सिंह (1545), रामावतार (1771) तथा रामलाल (1578) की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी से क्षेत्र की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
