:- 19 सितंबर को 1151 किलो शक्कर से तैयार होगा भव्य छप्पनभोग, जलझुलनी महोत्सव में श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल |मेवाड़ की प्रसिद्ध धर्मनगरी कोटड़ी में भगवान श्रीचारभुजानाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का एक और भव्य आयोजन होने जा रहा है। 19 सितंबर को जलझुलनी महोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीचारभुजानाथ को 1151 किलो शक्कर से तैयार किया जाने वाला विशाल छप्पनभोग अर्पित किया जाएगा। इसी आयोजन की तैयारियों के तहत बुधवार को मंदिर परिसर में भट्टी मुहूर्त एवं विधि-विधान से पूजन किया गया। संत-महंतों, मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं विभन्न समाज के प्रबुद्धजन व श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मंत्रोच्चार के साथ भट्टी पूजन कर छप्पनभोग निर्माण की शुरुआत की गई। आयोजकों ने बताया कि कोटड़ी में लगातार चौथी बार 1151 किलो शक्कर से छप्पनभोग तैयार किया जा रहा है। इससे पूर्व भी भगवान श्रीचारभुजानाथ को 551 किलो और 851 किलो शक्कर से छप्पनभोग अर्पित किया जा चुका है। इस बार आयोजन को और भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। छप्पनभोग भगवान को अर्पित करने के बाद इसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को पेकेट में पेक कर वितरित किया जाएगा।
भक्तों के सहयोग से तैयार होगा छप्पनभोग
छप्पनभोग आयोजन की खास बात यह है कि इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार सहयोग करते हैं। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि भक्तों के सहयोग से 1151 किलो शक्कर का छप्पनभोग तैयार किया जाएगा। भट्टी मुहूर्त के साथ ही आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम शुरू कर दिया गया है। छप्पनभोग निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भट्टी मुहुर्त के दौरान सरसड़ी व माण्डल के महंत दीपकपुरी महाराज ने कहा कि भगवान के चरणों में अर्पित होने वाला छप्पनभोग केवल प्रसाद नहीं बल्कि भक्तों की आस्था, श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का भी माध्यम बनते हैं।
जलझुलनी महोत्सव को लेकर उत्साह
भगवान श्रीचारभुजानाथ मंदिर में 22 सितंबर को जलझुलनी महोत्सव को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। छप्पनभोग आयोजन को महोत्सव का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है। इसके लिए मंदिर परिसर में सम्पूर्ण परिसर व्यंजनों के थालों से सजाया जाएगा। इस दौरान भक्तों के दर्शन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन में कोटड़ी सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीचारभुजानाथ के दर्शन करने का आह्वान किया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी सहयोग कर रहे हैं। आयेजन में सबसे अध्क सहयोग शिक्षकों का मिलने पर आयोजकों ने शिक्षक समूदाय का आभार जताया। साथ ही बेंकॉक, अहमदाबाद, अमेरिका, केरल सहित अनेक राज्यों से भगवान के प्रति आस्था जताते हुए राशि भेज कर छप्पनभोग के आयोजन को सफल बनाने की कामना की है। भट्टी मुहूर्त के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीचारभुजानाथ के जयकारे लगाए और 19 सितंबर के भव्य छप्पनभोग आयोजन की सफलता की कामना की। पण्डित विष्णु शर्मा के मन्त्रोच्चारण के साथ भट्टी मुहुर्त के दौरान मुरलीधर काबरा, चारभुजानाथ के मुख्य पुजारी सत्यनारायण पाराशर, गोविन्द सिंह, निर्मल लोढ़ा, गोपाल गाडरी, छीतर माली, रामलाल जाट, मोहित शर्मा, प्रकाश जोशी, लाल चन्द टेलर, सुनील कुमार लोढ़ा, भगत गुजराती, श्याम पारीक, कैलाश तेली, सम्पत गुजराती, शान्ति लाल पोखरना, सूर्यप्रकाश टेलर, अरविन्द गुजराती सहित अनेक समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फोटो