पीथास में सूने मकान पर धावा, दो लाख के सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए चोर

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|जिले के बागोर थाना क्षेत्र के पीथास गांव में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर बागोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित भंवरलाल गाडरी पुत्र मगना गाडरी ने रिपोर्ट में बताया कि 3 अगस्त की मध्यरात्रि को अज्ञात बदमाश उसके छोटे भाई चतुर्भुज गाडरी के मकान में घुस गए। चोर कमरे में रखे लोहे के बक्से का ताला तोड़कर एक-एक तोले के सोने के दो सेट, 300 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायजेब तथा आधा तोले का सोने का बाजूबंद सहित करीब दो लाख रुपये के जेवर समेट ले गए।
घटना के समय चतुर्भुज घर पर नहीं था, जबकि उसकी पत्नी सीमा देवी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सीमा देवी के जागने पर कमरे और बक्से की हालत देखकर चोरी का पता चला। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना पर बागोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ के साथ चोरी के सुराग जुटाने में लगी हुई है।