अलीगढ़ में चोरों के हौसले बुलंद-एक ही दिन में चोरी की दो वारदातें-पुलिस गश्त पर बड़े सवाल

 

– सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर-बढ़ती वारदातों से जनता में रोष

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़ । स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल अन्तर्गत कस्बा अलीगढ़ में पुलिस थाने के सामने, उखलाना रोड़ स्थित शिव शक्ति कॉलोनी में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार सहित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे।
मकान मालिक हाफिज नजीर अहमद काशमी के पुत्र रोशन अली ने बताया कि कार्यक्रम से लौटने पर घर के कमरे में रखे बक्सों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। बक्से में रखे करीब 250 ग्राम चांदी के कड़े, चांदी की चूड़ियां तथा सोने के ताबीज सहित लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले। सूचना मिलने पर स्थानीय अलीगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। गौरतलब हैं कि शुक्रवार की दोपहर को सवाई माधोपुर रोड स्थित ग्लोबल आईटीआई के सामने एक मकान में भी अज्ञात चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया, जब मकान मालिक के पुत्र को मकान से आहट आया तो अज्ञात चोर मौके पर एक बजाज कंपनी की मोटरसाइकिल को मौके पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया था और उसी रात को इस दूसरी घटना को कस्बा अलीगढ़ में अज्ञात चोरों ने अंजाम दिया है।
*पुलिस व्यवस्था पर उठ रहे तीखे सवाल*
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बे में रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि पिछले एक-डेढ़ साल में हुई कई चोरियों का आज तक खुलासा नहीं हो पाया, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं। पुलिस की निष्क्रियता के चलते क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने कथित रूप से बताया कि पुलिस का ध्यान इन दिनों केवल अवैध बजरी परिवहन, जुआ सट्टा, अवैध शराब बिक्री व साईबर ठगी को बढ़ावा देना मात्र रह गया है। अवैध गतिविधियों के नजारे क्षेत्र की जनता को तो जरूर नजर आ रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों को नहीं, शायद इन्हीं अवैध गतिविधियों की वजह से पुलिस अक्षर रात में नियमित गश्त नहीं करती हैं।
*प्रशासन की चुप्पी से बढ़ रहा आक्रोश*
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही रात्रि गश्त सख्त नहीं की गई और चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आगामी दिनों में विरोध प्रदर्शन व आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
*पुलिस का कहना*
वहीं स्थानीय अलीगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।