गृह प्रवेश से पहले चोरों ने किया नवनिर्मित घर में प्रवेश, -चिमनी के रास्ते से घर में घुसकर लाखों रुपए नगद और गहने चुराए

मामराज मीणा

-गृह प्रवेश से पहले चोरों ने किया नवनिर्मित घर में प्रवेश,
-चिमनी के रास्ते से घर में घुसकर लाखों रुपए नगद और गहने चुराए
-पावटा उपखंड में ग्राम बड़नगर की सारणो की ढाणी की घटना
-एफएसएल,एमओबी,बीटीएस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए
-आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच में जुटी पुलिस

स्मार्ट हलचल|जिला कोटपूतली बहरोड के पावटा उपखंड में ग्राम बड़नगर की सारणो की ढाणी में चोरों ने गृह प्रवेश से पहले प्रवेश कर लाखों रुपए के गहने और नगदी चोरी वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक मीना देवी ने बताया कि निर्माणाधीन मकान में बदमाश घर में घुसने के लिए रसोई में लगी चिमनी का सहारा लेकर अंदर दाखिल हुए और बड़ी सफाई से लाखों रुपए की नकदी व सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। परिवार द्वारा नए मकान में जल्द ही गृह प्रवेश की तैयारियां चल रही थीं। वही मकान मालिक राजू सारण अपने बेटे के साथ एक शादी समारोह में गया हुआ था। वही घर में अकेली उसकी पत्नी मीना देवी पास ही मंदिर में पूजा कर एक शादी में वार फेर करने गई हुई थी। इसी बीच मकान को सूना देख अज्ञात चोरों ने लाइट काट कर सीढ़ियों के सहारे छत पर जाकर रसोई में लगी चिमनी का सहारा लेकर अंदर दाखिल हुए व घर में अलमारी व संदूक खंगाल डाले और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब रात करीब 10 बजे मीना देवी घर पहुंची और लाइट बंद देख पास में रह रहे अपने जेठ व जेठानी को फोन किया। उनके आने पर अंदर जाकर देखा तो दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा हुआ मिला। नकदी व गहने गायब मिलने पर तुरंत प्रागपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।

प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम ने एफएसएल,एमओबी, बीटीएस टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। वही प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम ने जल्द ही कार्यवाही कर चोरी की वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।