उनियारा नगरपालिका अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर को लिखे तीन पत्र

सरकारी भवनों के हस्तांतरण और हाईमास्क लाईट, सड़क सुरक्षा की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|नगरपालिका उनियारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष नरेश कुमार गुर्जर ने जिला कलेक्टर टोंक टीना डाबी को तीन अलग-अलग पत्र लिखकर उनसे मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पत्रों में नगरपालिका कार्यालय के लिए भवन उपलब्ध करवाने, पुराने अस्पताल भवन को जनउपयोगी कार्यों के लिए सौंपने तथा हाईवे पर बंद पड़ी लाइटों और सुरक्षा संकेतकों की व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की गई है।
नए नगरपालिका भवन के निर्माण तक सरकारी विद्यालय भवन देने की मांग
नगरपालिका अध्यक्ष नरेश कुमार गुर्जर ने पत्र में बताया कि वर्तमान नगरपालिका उनियारा कार्यालय का भवन काफी पुराना और जर्जर अवस्था में है। ऐसी स्थिति में कार्यालय का संचालन सुरक्षित एवं सुचारू रूप से करना मुश्किल हो रहा है। नगरपालिका कार्यालय के समीप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ककोड़ गेट उनियारा का भवन वर्तमान में खाली पड़ा है। विद्यालय के अन्य राजकीय विद्यालय में विलय होने के बाद इसका शैक्षणिक उपयोग नहीं हो रहा है। नगरपालिका के नवीन भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन निर्माण प्रक्रिया पूरी होने में समय लगेगा। ऐसे में नवीन भवन बनने तक खाली पड़े विद्यालय भवन को नगरपालिका को हस्तांतरित करने की मांग की गई है।
पुराने अस्पताल भवन को जनहित में उपयोग करने की मांग
दूसरे पत्र में पुराने अस्पताल भवन को नगरपालिका मंडल को सौंपने की मांग की गई है। पत्र के अनुसार लंबे समय से बंद पड़े इस भवन की देखरेख नहीं होने के कारण इसकी स्थिति जर्जर होती जा रही है। भवन से बिजली, बोर्ड, केबल और गेट सहित सामान चोरी होने की बात भी सामने आई है। साथ ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहने की समस्या बताई गई है। पत्र में बताया गया कि पालिका मंडल की बैठक में 21 फरवरी 2024 को पुराने अस्पताल भवन में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग लाइब्रेरी संचालन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसके लिए 30 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी की गई थी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के लिए विश्राम गृह खोलने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। ऐसे में पुराने अस्पताल भवन को नगरपालिका मंडल को हस्तांतरित करने का आग्रह किया गया है।
एनएच-116 पर बंद हाईमास्क लाइटें और सड़क सुरक्षा का मुद्दा उठाया
तीसरे पत्र में टोंक सवाई-माधोपुर एनएच-116 पर उनियारा शहर में प्रवेश करने वाली पुलिया के दोनों ओर लगी हाईमास्ट लाइटों एवं सड़क किनारे की बंद पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त करवाने की मांग की गई है। पत्र में बताया गया कि लंबे समय से लाइटें बंद होने के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। इसके अलावा टोंक से उनियारा आने वाले मार्ग तथा उनियारा से गुलाबपुरा हाईवे की ओर जाने वाले रास्ते के डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई है। पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और इनकी खबरें समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई हैं। नगरपालिका अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर से संबंधित विभागों को निर्देशित कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन जनहित से जुड़े मुद्दों पर कब तक कार्रवाई करता है और उनियारा शहरवासियों को इन समस्याओं से कब राहत मिलती है।