14 स्टॉलों पर बच्चों ने किया व्यापारिक कौशल का प्रदर्शन, बचत और वित्तीय प्रबंधन के भी सीखे गुर
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।बाल दिवस के अवसर पर श्री माहेश्वरी महिला परिषद ब्यावर की ओर से माहेश्वरी पंचायत बोर्ड के तत्वावधान में अनूठे बाल मेले का आयोजन किया गया। ‘खेलो, खेलो, सीखो, मुस्कुराओ और आत्मनिर्भर बनो’ थीम पर आयोजित मेले में बच्चों ने उत्साह के साथ 14 स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल, खानपान और मनोरंजन से सजे मेले में बच्चों ने स्टॉलों का संचालन करते हुए व्यापारिक सूझबूझ, प्रबंधन क्षमता और संवाद कौशल का परिचय दिया।
मेले में बच्चों ने खुद ग्राहकों से बातचीत की, सामान की बिक्री की और व्यवस्थाओं को संभाला। इस अनुभव ने उन्हें किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने की सीख दी।
कार्यक्रम में माहेश्वरी पंचायत बोर्ड अध्यक्ष दिलीप कुमार जाजू, प्रभात राठी, अजय सोमानी, अजमेर जिला माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष डॉ. एल.एन. बल्दुआ, मंत्री रमेश चितलांगिया, क्षेत्रीय सभा ब्यावर अध्यक्ष जुगल किशोर मणियार, मंत्री पुरुषोत्तम जाजू, युवा संगठन मंत्री अभिषेक राठी एवं सुमित गांधी उपस्थित रहे। महिला परिषद अध्यक्ष वीणा बल्दुआ एवं कुसुम मालू ने अतिथियों को स्टॉलों का अवलोकन करवाया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन में वित्तीय जागरूकता सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहा। प्रेरणा भूतड़ा ने बच्चों को बचत का महत्व, पैसों का सही उपयोग एवं म्यूचुअल फंड की जानकारी सरल भाषा में देकर छोटी उम्र से ही आर्थिक समझ विकसित करने का संदेश दिया।
महिला परिषद की कार्यकारिणी सदस्य वर्षा तापड़िया, प्रेमलता लोहिया, सुनीता मांधना, शारदा नवाल, मधु नोगजा, रेखा भूतड़ा, इंदु महेश्वरी, मीणा हरकूट, रेनू जागेटिया एवं रश्मि सोमानी के सहयोग से आयोजित यह मेला बच्चों के लिए सीखने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का बेहतर मंच बना। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, व्यावसायिक समझ और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।