युवाओं को मिलेगा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, उद्योगों को उपलब्ध होंगे कुशल कामगार
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी व कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल। लघु उद्योग भारती, ब्यावर की ओर से क्षेत्र में औद्योगिक विकास, कौशल संवर्धन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किए जा रहे कौशल विकास केंद्र के भवन का भूमि पूजन समारोह सोमवार, 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे रीको औद्योगिक क्षेत्र, तृतीय चरण, अजमेर रोड स्थित SP-1 एवं 2 पर आयोजित होगा। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक हेमंत रांका ने बताया कि समारोह में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचंद्रजी भाईसाहब का सान्निध्य रहेगा। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि तथा राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और नगर परिषद सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
युवाओं को हुनरमंद बनाने की पहल
कार्यक्रम संयोजक कपिल खंडेलवाल ने बताया कि कौशल विकास केंद्र का मुख्य उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे अपने हुनर के दम पर रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। केंद्र के माध्यम से स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की भी योजना है। इससे उद्योगों को दक्ष कामगार उपलब्ध होने के साथ क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
लघु उद्योग भारती देशभर में लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यरत है। ब्यावर में कौशल विकास केंद्र की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। केंद्र का भवन भविष्य में प्रशिक्षण गतिविधियों के संचालन और युवाओं को तकनीकी कौशल से जोड़ने का आधार बनेगा।
तैयारियों को दिया अंतिम रूप
भूमि पूजन समारोह की तैयारियों को लेकर लघु उद्योग भारती, ब्यावर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिथियों के स्वागत, कार्यक्रम स्थल, बैठक व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस दौरान पालक अधिकारी प्रकाश अम्बुरे, इकाई अध्यक्ष सचिन नाहर, इकाई सचिव गगन भारद्वाज, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय खंडेलवाल सहित दीपक झंवर, जय आनंदानी, अनिकेत अम्बुरे, पियूष हेडा, विजय मेहता, प्रवीण सिंघल, पुरुषोत्तम जाजू एवं श्रीकांत बिहानी मौजूद रहे। महिला इकाई की अध्यक्ष अर्पिता शर्मा, सचिव उर्वशी भारद्वाज, रश्मि खंडेलवाल, श्वेता नाहर सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी तैयारियों में सहभागिता की।
लघु उद्योग भारती की मुख्य इकाई एवं महिला इकाई के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगे। संगठन ने क्षेत्र के उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से समारोह में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण पहल का सहभागी बनने का आह्वान किया है।