तीन सदस्यीय मेडिकल कमेटी गठित, भर्ती से लेकर प्रसव और उपचार तक की प्रक्रिया की होगी जांच
शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|जिला मुख्यालय टोंक शहर के जनाना सआदत अस्पताल से तीन प्रसूताओं को जयपुर रेफर करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय चिकित्सकीय कमेटी का गठन किया गया है, जो प्रसूताओं के उपचार से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी।
जानकारी के अनुसार, जांच कमेटी में डॉ. सुनीता राजोरा, डॉ. एस.एन.आर. और डॉ. बी.एल. नामा को शामिल किया गया है। कमेटी अस्पताल में भर्ती होने से लेकर प्रसव एवं उपचार तक की पूरी प्रक्रिया की जांच करेगी। साथ ही तीनों प्रसूताओं को जयपुर रेफर करने की वास्तविक परिस्थितियों का भी गहनता से आकलन किया जाएगा।
*मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत हुई कार्रवाई: पीएमओ*
जिला सआदत अस्पताल के पीएमओ डॉ. प्रतीक सालोदिया ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल प्रोटोकॉल की पालना के तहत ही कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि तीन सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करेगी।
*जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई*
जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि तीनों प्रसूताओं को जयपुर रेफर करने की परिस्थितियां क्या थीं और उपचार के दौरान निर्धारित चिकित्सा प्रक्रियाओं का पालन किया गया या नहीं।