पंचायतीराज चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, गांधी भवन में बनी चुनावी रणनीति

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव, संभावित प्रत्याशियों, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी तैयारियों पर मंथन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान सह-प्रभारी पूनम पासवान, पंचायतीराज चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर तथा जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने संबोधित किया।
पूनम पासवान ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय को चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कांग्रेसजनों से एकजुट होकर चुनाव में जुटने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने की अपील की। डॉ. रघु शर्मा ने पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर संगठन की भूमिका तथा चुनावी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री नसीम अख्तर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण ही संगठन की ताकत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। वहीं, रामलाल जाट ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायतीराज चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जनसंपर्क मजबूत करने तथा आमजन से संवाद स्थापित कर चुनावी तैयारियों में जुटने पर जोर दिया।
बैठक में संभावित प्रत्याशियों के चयन, पंचायत समिति एवं जिला परिषद के चुनावों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की बात कही।
बैठक में सह-प्रभारी कैलाश झालीवाल, पीसीसी सचिव अर्चना सुराणा, पूर्व विधायक हगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश व्यास और अक्षय त्रिपाठी, विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, नरेंद्र रेगर और ओम नरानीवाल, वंदना माथुर, मधु झाजू, महेश सोनी, पीसीसी सचिव विभा माथुर, शंकर लाल गाडरी, सुशीला सालवी, चेतन डिडवानिया, चेतन पेसवानी, रमेश सेन, प्रकाश जाट, अविचल व्यास, लाखाराम गुर्जर, रामदेव खारोल, राधेश्याम भड़ाना, हेमेन्द्र शर्मा, सत्यनारायण डिडवानिया, लखन काकानी और श्याम लाल गुर्जर सहित अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और पंचायतीराज के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।