अनिल कुमार
ब्यावर/बर।स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 10 माह से फरार चल रहे बिगोद (भीलवाड़ा) निवासी वांछित आरोपी प्रधान लाल जाट को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी बर थाना पुलिस की ‘टॉप-10’ वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।अजमेर रेंज महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रवि सभरवाल और ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और रायपुर वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के निकटतम सुपरविजन में बर थानाधिकारी पन्नालाल उप-निरीक्षक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।
यह था मामला
घटना 2 नवंबर 2025 की है, जब बर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान ब्यावर की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट कार (RJ 19 CF 7148) को रोकने का प्रयास किया था। पुलिस को देखकर कार सवारों ने वाहन भगाने की कोशिश की, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मौके से अशोक विश्नोई (तिलवासनी, जोधपुर) और लक्ष्मण मेघवाल (झालामंड, जोधपुर) को डिटेन कर कार से 45.400 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया था।
मादक पदार्थ का बेचानकर्ता था आरोपी
मामले में दर्ज एफआईआर (प्रकरण संख्या 196/2025 धारा 8/15 NDPS एक्ट) के अनुसंधान के दौरान सामने आया कि डोडा पोस्त की सप्लाई और बेचान नयागांव सराणा (थाना बिगोद, भीलवाड़ा) निवासी प्रधान लाल (31) पुत्र हीरालाल जाट ने किया था। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
तकनीकी डेटा से मिली सफलता
पुलिस टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और त्वरित दबिश देकर उसे धर दबोचा। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में थानाधिकारी पन्नालाल के साथ कांस्टेबल सुनील (608) और कांस्टेबल महिपाल (543) की विशेष भूमिका रही।
