धरणीधर जयंती पर सुनेल में निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा कस्बा

80 गांवों से पहुंचे धाकड़ समाज के लोग, देव विमान, कलश यात्रा, झांकियां और जेसीबी से पुष्पवर्षा रही आकर्षण का केंद्र
स्मार्ट हलचल
सुनेल 2 सितम्बर ।
कस्बे में बुधवार को धरणीधर जयंती महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धाकड़ समाज की ओर से भगवान धरणीधर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सुनेल सहित आसपास के करीब 80 गांवों से बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरा कस्बा भगवान धरणीधर के जयकारों से गूंज उठा।
महोत्सव के तहत सुबह लंकापति बालाजी मंदिर परिसर में शोभायात्रा में शामिल होने वाले कलश, ध्वजा, महाआरती और चंवर आदि की बोलियां लगाई गईं। इनमें समाज के लोगों ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया।

दोपहर 2 बजे लंकापति बालाजी मंदिर से भगवान धरणीधर की शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा मेला मैदान, छतरी चौक, सदर बाजार, राम मंदिर चौक, रंजा चौक, शिव मंदिर चौक, कचहरी चौक, घाणा चौक, छतरी चौक और लोहार दरवाजा होते हुए पिड़ावा रोड स्थित लंकापति मंदिर पहुंची। यहां महाआरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।

देव विमान और जेसीबी से पुष्पवर्षा ने मोहा मन
शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घुड़सवार,महिलाओं की कलश यात्रा, डीजे, ढोल, तोप से पुष्पवर्षा, भगवान धरणीधर का देव विमान और विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं जेसीबी के माध्यम से भी शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। श्रद्धालु भगवान धरणीधर के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जबकि युवा धार्मिक भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए उत्साह के साथ शामिल हुए।
करीब एक किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल रहे। मार्ग में कस्बे के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान धरणीधर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

पांच हजार महिला-पुरुषों ने ग्रहण की प्रसादी
शोभायात्रा के समापन के बाद आयोजित भोजन प्रसादी में करीब पांच हजार महिला-पुरुषों ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान कस्बे में धार्मिक उल्लास के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।