स्टेट हाईवे पर सड़क ने लिया तालाब का रूप, आए दिन हो रहे है हादसे
सूरौठ।स्मार्ट हलचल|कस्बे में हो कर गुजर रहे भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर पुलिस थाने के पास हो रहे जल भराव में शनिवार की शाम को ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली पलटने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की चीख पुकार सुनकर सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रैक्टर ट्राली में करीब 20 जने सवार थे। गनीमत यह रही कि कोई भी ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली के नीचे नहीं आया जिससे 20 जान बच गई। भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर सफर करना लोगों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। धंधावली टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से पूरा टोल वसूला जा रहा है, लेकिन टोल से महज एक किलोमीटर आगे सूरौठ थाने और सीएचसी के पास सड़क पर जलभराव एवं गहरे गड्ढे हो रहे हैं।
शनिवार शाम करीब 6 बजे सूरौठ की ओर से काम करके लौट रहे करीब 20 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सूरौठ पुलिस के एएसआई साहब सिंह गुर्जर, राम भरोसी, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और कांस्टेबल देशराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया गया।
पानी में डूबा 4 साल का मासूम, कांस्टेबल देशराज बने फरिश्ता
हादसे के दौरान जलभराव में करीब चार वर्षीय बच्चा पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस कांस्टेबल देशराज सिंह ने पानी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
2 से 2.5 फीट पानी में गायब सड़क, गड्ढे बन रहे मौत का कारण
धंधावली टोल प्लाजा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे सूरौठ थाना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बारिश के बाद सड़क पर दो से ढाई फीट तक पानी भर गया है। पानी के अंदर सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके चलते वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया वाहन तक जलभराव में फंस रहे हैं। मरीजों, एंबुलेंस और अस्पताल जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टोल वसूली पूरी, सुविधा अधूरी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल शुल्क वसूला जा रहा है, तो सुरक्षित सड़क उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत जल्द नहीं सुधारी गई तो धंधावली टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से गड्ढे भरने, जल निकासी की व्यवस्था करने और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
