यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, पांच बसों के कटे चालान

सड़क सुरक्षा अभियान 2.0 का शुभारंभ, 95 हजार रुपये का लगाया जुर्माना
भीलवाड़ा, 16 नवंबर। स्मार्ट हलचल|यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्री वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सोमवार को ‘सड़क सुरक्षा अभियान 2.0’ का शुभारंभ किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा), जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन के निर्देशन में शुरू हुआ यह विशेष अभियान 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने नेहरू गार्डन स्थित प्राइवेट बस स्टैंड से किया। इस दौरान उन्होंने बसों का निरीक्षण कर संचालकों एवं संबंधित कार्मिकों को यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में जांच के दौरान किसी प्रकार की कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार चालान बनाने के साथ बस जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के तहत स्लीपर कोच, लग्जरी बस, सिटी बस और मिनी बसों की सघन जांच की जा रही है। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त प्रवर्तन टीमों द्वारा वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बसों में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति, अनधिकृत बदलाव और यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली संरचनात्मक खामियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिटी और मिनी बसों में निर्धारित गति नियंत्रक उपकरणों की अनिवार्यता एवं उनकी कार्यप्रणाली की भी जांच की जा रही है।
इसी क्रम में लैंडमार्क होटल के पास स्लीपर एवं लग्जरी बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) की टीम ने पांच बसों के चालान काटे। इन पर कुल 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग, यातायात थाना एवं पुलिस थाने की टीम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे।
सचिव रश्मि आर्य ने बस संचालकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बस में हेल्पलाइन नंबर और शिकायत पेटी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी यात्री को बस संचालन, चालक-परिचालक के व्यवहार अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कोई शिकायत या असुविधा होती है तो वह हेल्पलाइन नंबर 8306002107 पर सीधे संपर्क कर सकता है। जिन बसों में शिकायत पेटी उपलब्ध नहीं है, उनके संचालकों को निर्धारित समय सीमा में इसे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल वाहनों की जांच करना नहीं, बल्कि यात्रियों के जीवन की सुरक्षा और सुरक्षित एवं सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान गंभीर सुरक्षा खामियां पाए जाने पर चालान, वाहन जब्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।