बिरसा मुंडा को नमन कर महाविद्यालय में हुई लोकगीत व लोकवाद्य प्रतियोगिताएं, 18 प्रतिभागियों ने दी प्रस्तुतियां
अनिल कुमार खींची
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं और लोकसंगीत की मधुर धुनों ने सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में सांस्कृतिक माहौल को जीवंत बना दिया। जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत आयोजित एकल लोकगीत गायन एवं लोकवाद्य वादन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए लोक विरासत के विविध रंग प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उनके संघर्ष, त्याग, राष्ट्रप्रेम और जनजातीय समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को याद किया।
प्रतियोगिता के तहत एकल लोकगीत गायन में 10 तथा लोकवाद्य वादन में 8 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने राजस्थान सहित विभिन्न लोकांचलों के पारंपरिक गीतों और वाद्ययंत्रों के माध्यम से लोकजीवन, प्रकृति, सामाजिक परंपराओं एवं जनजातीय सांस्कृतिक चेतना की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
प्राचार्या प्रो. रेखा मंडोवरा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का प्रेरणादायी उदाहरण है। जनजातीय गौरव पखवाड़ा विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। लोकगीत एवं लोकवाद्य हमारी सांस्कृतिक धरोहर के जीवंत स्वरूप हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है।
सांस्कृतिक प्रभारी प्रो. अंजली जयपाल ने कहा कि लोकसंगीत हमारी सामाजिक स्मृतियों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का संवाहक है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोक विरासत के प्रति सम्मान, रचनात्मकता और मंचीय आत्मविश्वास विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।