खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर कस्बा निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने तथा सऊदी अरब से डाक द्वारा तीन तलाक का नोटिस भेजने के आरोप में पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मुबारक अली पुत्र लाल मोहम्मद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री नौसीन बानो का निकाह 31 जुलाई 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार मोहम्मद शमशाद पुत्र मुस्ताक अली निवासी गढ़ी बाजार, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशांबी के साथ किया था। निकाह के बाद दंपती को एक पुत्र भी हुआ, जिसकी उम्र लगभग तीन वर्ष बताई गई है।
तहरीर के अनुसार, विवाह के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज में मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण तथा तीन लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही पति शमशाद, ससुर मुस्ताक अली, सास हबीबुन निशा, देवर साजिद, ननद सबीना तथा अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोग आए दिन विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। इतना ही नहीं, उसके जेवर भी छीन लिए गए और एक लाख रुपये नकद तथा चार पहिया वाहन लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाल दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि जब वह अपनी पुत्री को लेकर ससुराल पहुंचा तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया और दरवाजा बंद कर दिया गया।
आरोप है कि उसका दामाद मोहम्मद शमशाद वर्तमान में सऊदी अरब में रहकर रोजगार करता है। वहीं से उसने कथित रूप से साजिश के तहत तीन तलाक का दस्तावेज तैयार कराकर 10 मई 2026 को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से खखरेरू स्थित उसके घर भेज दिया। तीन तलाक का पत्र मिलने के बाद से उसकी पुत्री मानसिक रूप से काफी आहत है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
