_मेला भूमि से 15 दिन में अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश_
खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर धाता विकास खंड की ग्राम पंचायत तेंदुआ में बृहस्पतिवार रात आयोजित ग्राम रात्रि चौपाल में उत्तर प्रदेश सरकार की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
शाम करीब 8:30 बजे आयोजित चौपाल में राज्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक लाभ प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि ग्रामीणों को पारदर्शी तरीके से जानकारी मिल सके तथा अधिकारी लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर सकें।
चौपाल के दौरान विश्व हिंदू परिषद के भगवानदास ने गांव स्थित प्राचीन भुइयन बाबा मंदिर के मेला प्रांगण की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला राज्यमंत्री के समक्ष उठाया। इस पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों एवं कानूनगो को निर्देश देते हुए 15 दिनों के भीतर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर मेला प्रांगण को खाली कराने के आदेश दिए।
इसके अलावा राशन कार्ड, वृद्धावस्था एवं अन्य पेंशन योजनाएं, किसान सम्मान निधि तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। राज्यमंत्री ने पात्र एवं वंचित लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पंचायत खखरेरू के अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी, भाजपा उपजिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, खंड विकास अधिकारी सहित खाद्य एवं रसद, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
