लांबिया में लावारिस मिली थी 36.440 किलो डोडा पोस्त से भरी मोटरसाइकिल, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने किया खुलासा
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।पुलिस थाना रास ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज डोडा पोस्त तस्करी के मामले में तीन माह से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान राकेश और रामपाल के रूप में की है। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में एस्कॉर्ट के रूप में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रास से लांबिया जाने वाले मार्ग पर बबूल की झाड़ियों के पास एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लावारिस अवस्था में खड़ी है। मोटरसाइकिल पर पांच प्लास्टिक के दूध के ड्रम बंधे हुए थे। सूचना पर थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और ड्रमों की जांच की तो उनमें अवैध डोडा पोस्त भरा मिला। बरामद मादक पदार्थ का वजन ड्रम सहित 51.640 किलोग्राम तथा ड्रम हटाने के बाद 36.440 किलोग्राम पाया गया। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, बीटीएस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर डोडा पोस्त परिवहन करने वाले तथा मोटरसाइकिल से आगे चलकर एस्कॉर्ट करने वाले आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने रामपाल पुत्र पेमाराम (24) निवासी नाडीपुरा जसनगर, हाल आसनलाई थाना जैतारण तथा राकेश पुत्र गोकुलराम (35) निवासी मोहराई थाना जैतारण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी राकेश की सूचना के आधार पर तस्करी की घटना में एस्कॉर्ट के लिए प्रयुक्त मोटरसाइकिल आरजे 18 एएस 6717 भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राकेश का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस थाना रास एवं साइबर सेल ब्यावर की टीम के जवान शामिल रहे।