जिला कलक्टर और एसपी ने दिखाई हरी झंडी, अधिकारियों, पुलिस जवानों, विद्यार्थियों व नागरिकों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को ब्यावर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ मार्च निकाला गया। जिला कलक्टर कमल राम मीना एवं जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने जिला कलक्टर कार्यालय से मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मार्च जिला कलक्टर कार्यालय से शुरू होकर अजमेरी गेट, पांच बत्ती, चांग गेट एवं गांधी सर्किल होते हुए पटेल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को एकता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पटेल स्कूल के प्रधानाचार्य रोहित जैन ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता की शपथ दिलाई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस जवान, विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।