उनियारा में साइबर ठगी और चोरी की दो वारदातें, लिंक क्लिक करते ही खाते से 83 हजार 500 रुपए पार-दुकान के गल्ले से 41 हजार रुपए लेकर फरार हुए दो युवक

शिवराज बारवाल मीना

टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड मुख्यालय कस्बा उनियारा में बुधवार को साइबर ठगी और चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक को क्लिक करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मोबाइल हैंग होने के कुछ देर बाद बैंक खाते से 83 हजार 500 रुपए निकल गए। वहीं दूसरी घटना में आटा खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे दो युवक गल्ले से 41 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गए। दोनों युवक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
पीड़ितों से मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना में श्याम सोनी पुत्र नवल किशोर के मोबाइल पर एक लिंक आया था। उन्होंने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैंग हो गया। कुछ देर बाद बैंक खाते की जांच करने पर खाते से 83 हजार 500 रुपए निकाले जाने का पता चला। अचानक हुई इस साइबर ठगी से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं दूसरी घटना नैनवां मार्ग स्थित इंद्र कुमार जैन की दुकान पर हुई। यहां आटा खरीदने के बहाने दो युवक दुकान पर पहुंचे। दुकानदार के अंदर जाते ही मौका पाकर दोनों युवकों ने गल्ले में रखे 41 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दोनों युवक दिखाई दे रहे हैं। दोनों घटनाओं के पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बे में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों एवं आमजन में चिंता का माहौल है।