ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 40 ग्राम स्मैक और मोबाइल बरामद

पलिया-खीरी।स्मार्ट हलचल|जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को 40 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक शिवा जी दुबे पलिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:40 बजे एडमांटेन स्कूल से आगे साईं मंदिर के पूर्व स्थित खाली प्लॉट के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 40 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 350 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय उर्फ मक्खन (30 वर्ष) निवासी मोहल्ला रंगरेजान द्वितीय, थाना पलिया तथा राकेश कुमार उर्फ राका (28 वर्ष) निवासी बाजार प्रथम, कस्बा एवं थाना पलिया के रूप में हुई है। संजय के पास से 15 ग्राम स्मैक, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 200 रुपये, जबकि राकेश के पास से 25 ग्राम स्मैक, एक रेडमी मोबाइल और 150 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध मु.अ.सं. 205/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपित पहले भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। संजय पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राकेश के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के दो और एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक निशा शुक्ला, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, जयप्रकाश यादव, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी, सुनील कुमार रावत, रविकांत एवं रामभूल वर्मा शामिल रहे।