ठिकरिया कलां में दो ट्रांसफार्मर चोरीः एक ही रात में वारदात, ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना

अविनाश मीणा

स्मार्ट हलचल।घाड़ थाना क्षेत्र के ठिकरिया कलां गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो ट्रांसफार्मर चुरा लिए। इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।चोरों ने जगन्नाथ पिता सुवालाल गुर्जर के कृषि कनेक्शन के ट्रांसफार्मर (डीपी) को निशाना बनाया। इसके अलावा, राजू पुरी पिता माधुपुरी के यहां लगे सिंगल फेस घरेलू ट्रांसफार्मर को भी चुरा लिया गया।पीड़ितों के अनुसार, चोरों ने बड़ी चालाकी से ट्रांसफार्मर से कीमती तांबा (कॉपर), ट्रांसफार्मर ऑयल और अन्य महत्वपूर्ण पुर्जे निकाल लिए और फरार हो गए।

चोरी की इस घटना का पता बुधवार सुबह चला, जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। ट्रांसफार्मर गायब देख वे दंग रह गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। एक ही रात में दो ट्रांसफार्मर चोरी होने की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष ने तत्काल घाड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।