श्री सांवरिया धाम आश्रम में संतों ने किया सम्मान, संगठन के सफल कार्यकाल की दी शुभकामनाएं
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। हिंदू युवा वाहिनी के उदयपुर संभाग अध्यक्ष पद पर मनोनयन होने पर विनोद वैष्णव का मूंगाना स्थित श्री सांवरिया धाम आश्रम में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संत-महात्माओं ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान कर संगठन के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विनोद वैष्णव ने गुरुदेव चेतन दास जी महाराज के चरणों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद महंत अनुज महाराज एवं महंत रामपाल दास महाराज ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री चेतन वेद गुरुकुलम के बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगलाचरण प्रस्तुत किया तथा वेद मंत्रों के माध्यम से विनोद वैष्णव के सफल दायित्व निर्वहन की मंगलकामना की। वैदिक मंत्रों और जयघोषों से आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित संतों एवं गणमान्यजनों ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी राष्ट्रहित, गौ-रक्षा, धर्म रक्षा, संस्कृति संरक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विनोद वैष्णव के नेतृत्व में संगठन उदयपुर संभाग में और अधिक सशक्त होकर सनातन संस्कृति एवं हिंदुत्व के मूल्यों के प्रचार-प्रसार में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर महंत मुरलीदास महाराज, जगदीश वैष्णव, दिनेश वैष्णव (छापरी), पंडित अशोक तिवारी (गोपालनगर), पवन वैष्णव (जालमपुरा), उदयलाल गुर्जर (आमेलिया), मुकेश सहित अनेक भक्तगण, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता एवं हिंदुत्व प्रेमी उपस्थित रहे।
