पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। उधार दिए गए रुपये वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। शहर के पांसल चौराहे के पास कार की सर्विस कराने आए युवक पर बुलेट सवार दो भाइयों ने पहले बाइक से टक्कर मारकर उसे गिराया, फिर उसके ऊपर बुलेट चढ़ा दी और बाद में लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल का उपचार कराया गया है।
घायल पप्पू लाल नायक पुत्र श्रवण नायक, निवासी खारी का लांबा ने बताया कि वह गुरुवार को पांसल चौराहे के समीप अपनी कार की सर्विस करवाने आया था। जैसे ही वह कार से नीचे उतरा, तभी दशरथ पुत्र कान्हा नायक और उसका भाई पृथ्वीराज, निवासी आसन (विजयनगर), बुलेट पर सवार होकर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले उसे टक्कर मारकर गिराया, फिर बुलेट उसके ऊपर चढ़ा दी। इसके बाद दोनों ने लोहे के सरियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसने दशरथ को 3 लाख रुपये उधार दिए थे। वह लगातार रुपये वापस मांग रहा था, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। इसी रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने उस पर यह जानलेवा हमला किया।
घायल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
