पावटा, स्मार्ट हलचल|कस्बे स्थित सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में प्रसव के बाद अधिक रक्त स्राव से महिला की मौत के बाद परिजनों ने शव के साथ प्रदर्शन किया। हॉस्पिटल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने शव को हॉस्पिटल के बाहर रख कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर पावटा उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, डीएसपी सहित प्रागपुरा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की। गौरतलब हैं कि कस्बे स्थित सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में बुधवार सुबह उस समय जमकर हंगामा होने लगा जब अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती गीता कंवर पत्नी हितेन्द्र सिंह शेखावत को मंगलवार रात को प्रसव के बाद रक्त स्राव अधिक होने से तबीयत बिगडने पर अस्पताल प्रशासन द्वारा जयपुर रैफर कर दिया गया। परिवारजनों द्वारा जयपुर ले जाते समय महिला की मौत हो गई। जिसके बाद परिवारजन बुधवार को एम्बूलेंस से शव को लेकर सिद्धि विनायक अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रशासन पर प्रसव के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन द्वारा काफी समझाइश के बाद जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मृतक महिला की बच्चियों के नाम दस लाख रुपये की एफडी पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त किया गया। इस दौरान पूर्व सरपंच नरपत सिंह शेखावत, भाजपा नेता विकास सिंह करौडी, कांग्रेस नेता पूर्व पार्षद जगदीश मीणा, ओपी बायला, समाजसेवी बद्री प्रसाद चौहान, गोपल अग्रवाल, नितिन सिंह शेखावत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
