युवा कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी, एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग का निर्णय
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर ब्यावर कांग्रेस में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को रांका जी की बगेची में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व पार्षदों, युवा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। इसमें निकाय चुनाव में पार्टी की हार की समीक्षा, टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी तथा समीक्षा बैठक के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं राजस्थान की सह प्रभारी पूनम पासवान की मौजूदगी में हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक अधिकार है और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत के माध्यम से होना चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन खत्री ने कथित मारपीट की घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी है तथा संगठन में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
ब्यावर विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी मनोज चौहान ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पुष्पांजलि पारीक ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। रामेश्वर मेवाड़ा, पूर्व पार्षद रामचंद्र टेलर, रामनिवास सेन एवं नवल मयंक ने भी पार्टी नेतृत्व से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग उठाई। जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव मेघराज बोहरा ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जांच के आधार पर संगठनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
अजमेर देहात जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र पाल पवार ने कथित मारपीट की घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि किशोर चौधरी, आशीष पाल पदावत और अजय शर्मा को उनके पदों से नहीं हटाया गया तो प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समक्ष विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान की लड़ाई को व्यापक स्तर तक ले जाया जाएगा।
बैठक में कुछ युवा कार्यकर्ताओं द्वारा अत्यंत गंभीर कदम उठाने की चेतावनी दिए जाने की बात भी सामने आई। पवार ने कहा कि प्रदेश स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर मनीष व्यास, चेतन चौहान, अशोक मुंदड़ा, राहुल सांखला, धनंजय गॉड और राजवीर सिंह सहित कई युवा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय के बाहर आत्मदाह जैसा कदम उठाने की चेतावनी दी है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शैलेंद्र सांखला ने कहा कि छात्र संगठन कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करता है।
एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन, गिरफ्तारी की मांग
बैठक में निर्णय लिया गया कि कथित मारपीट के मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित बताए जा रहे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलिस स्तर पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर थाने का घेराव सहित आगे लोकतांत्रिक आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
जयपुर और दिल्ली तक पहुंचाएंगे मामला
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल तक पहुंचाई जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों को पदों से हटाने की मांग भी वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष रखी जाएगी।
बैठक में मोहन खत्री, दिनेश शर्मा, मनोज चौहान, भूपेंद्र पाल पवार, शैलेंद्र सांखला, मेघराज बोहरा, योगेश पंचोली, डॉ. अरविंद माथुर, रामचंद्र टेलर, रामनिवास सेन, नवल मयंक, विमला फूलवारी, हरि सिंह परिहार, राजू गुर्जर, नवीन गर्ग, एडवोकेट तुषार दुबे, रामेश्वर मेवाड़ा, संजय भाटी, शाहिद खान, राहुल सांखला, धनंजय गॉड, मनीष व्यास, चेतन चौहान, अशोक मुंदड़ा, अशोक साहू, नरेंद्र चौहान, छगनलाल मेवाड़ा, शांतिलाल प्रजापति, सुरेंद्र सेन, मनोज खूबचंदानी, मुकेश जोशी, भवानी सिंह, जितेंद्र सेन, उमेश प्रजापति, अहसान चिंगारी, जगदीश सिंह राठौड़, राजवीर सिंह, सुनील प्रजापति, जितेंद्र जांगिड़, हनुमान सिंह रावत, विजय नाथ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।