आसींद क्षेत्र में बैकुंठ धाम में भव्य धर्मसभा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने युवाओं को दिया संदेश

सांवर मल शर्मा

आसींद।स्मार्ट हलचल|बैकुंठ धाम बरनाघर में आयोजित भगवान देवनारायण की प्राण प्रतिष्ठा एवं 51 कुंडीय विष्णु महायज्ञ के तहत रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। सुबह करीब 10 बजे बाजुंदा स्थित देवनारायण भगवान मंदिर से 2100 महिलाओं ने कलश यात्रा के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली, जो बैकुंठ धाम पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि वे जयपुर से साथियों, सांसदों और मंत्रियों के साथ देव दर्शन के लिए आए हैं और आज उन्होंने व्रत रखकर भगवान देवनारायण के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद आज उन्हें पुनः भगवान के दर्शन करने का अवसर मिला है।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि लोकदेवताओं के आदर्शों को अपनाकर समाज को साथ लेकर चलना चाहिए। इतिहास और संस्कृति को याद रखते हुए आगे बढ़ना ही सही दिशा है। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए और सभी को साथ लेकर चलने की भावना विकसित करनी चाहिए।

देश के मौजूदा हालात पर टिप्पणी करते हुए पायलट ने बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताई और कहा कि युवा वर्ग आज चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे हमेशा युवाओं के हितों के लिए खड़े रहेंगे। साथ ही राजस्थान की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब ढाई साल बीत चुके हैं और आने वाले समय में जनता को अपनी एकजुटता दिखानी होगी।

इस दौरान सांसद मुरारी लाल मीना ने भगवान देवनारायण को ईश्वर स्वरूप बताते हुए समाज में एकता और विकास पर बल दिया। वहीं कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर ने बगड़ावत समाज की एकजुटता को आवश्यक बताते हुए कहा कि आपसी सहयोग से ही समाज प्रगति कर सकता है।

कार्यक्रम में सचिन पायलट गुलाबपुरा से काफिले के साथ बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान देवनारायण के दर्शन कर हवन-यज्ञ में पूजा-अर्चना की। इस दौरान युवाओं व आयोजन समिति के सदस्यों ने उनका माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।

महोत्सव के तहत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।