अनिल कुमार
ब्यावर, 14 मई। स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिले में “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट ने अभियान की रूपरेखा साझा की। यह अभियान 25 मई से 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक संचालित किया जाएगा।
जन-भागीदारी पर विशेष जोर
एडीएम ब्रह्म लाल जाट ने बताया कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर एक ‘जन-आंदोलन’ बनाया जाएगा। इसके लिए जिले के डॉक्टरों, वकीलों, सीए, आर्किटेक्ट्स, धर्मगुरुओं, व्यापारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सूची तैयार की जा रही है। इन सभी प्रबुद्ध जनों को विचार गोष्ठियों के माध्यम से अभियान से जोड़कर जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
प्रातःकाल होगा सामूहिक श्रमदान
अभियान के दौरान जिले की पारंपरिक जल संरचनाओं (तालाब, बावड़ी, टांके) के पुनरुद्धार के लिए सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। इसके लिए प्रातः 6:30 से 9:30 बजे का समय निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री के संदेश को ग्राम स्तर पर सरपंचों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और राजीविका समूहों के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा।
26 मई को विशेष ग्राम सभाएं
अभियान के दूसरे दिन यानी 26 मई को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें न केवल जल संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा, बल्कि जल संचयन के नवीन कार्यों को स्वीकृति भी दी जाएगी।
अभियान के मुख्य आकर्षण:
कैच द रैन: वर्षा जल संचयन और जल निकायों की जियो टैगिंग पर फोकस।
रन फॉर एनवायरमेंट: 4 जून को पर्यावरण जागरूकता के लिए दौड़ का आयोजन।
व्यापक वृक्षारोपण: ‘जल-जंगल-जन’ के सिद्धांत पर भारी मात्रा में पौधारोपण।
डिजिटल ट्रैकिंग: अभियान में सहयोग करने वाली संस्थाओं और कार्यों का विवरण पोर्टल पर दर्ज होगा।
बैठक में एसडीएम दिव्यांश सिंह, एसीईओ गोपाल लाल, अधीक्षण अभियंता एस एल जांगिड़ सहित जिला स्तर के आला अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने हेतु अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
