लकी शर्मा
भीलवाड़ा। शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर इन दिनों एक विक्षिप्त महिला का आतंक बना हुआ है, जिससे यात्रियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। महिला पिछले कई दिनों से बस स्टैंड परिसर में डेरा जमाए हुए है और आए दिन यात्रियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक आक्रामक हो जाती है और यात्रियों के बैग छीनकर उनमें रखे कपड़े, जरूरी सामान और नकदी तक निकाल लेती है। विरोध करने पर वह पत्थर मारने तक पर उतर आती है। महिला की हरकतों के कारण खासकर महिला यात्रियों में भय बढ़ गया है और कई लोग बस स्टैंड आने से कतराने लगे हैं। बताया जा रहा है कि महिला कभी अर्द्धनग्न अवस्था में घूमती है तो कभी सामान्य रूप से तैयार होकर इधर-उधर भटकती रहती है, जिससे स्थिति और असहज हो जाती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बस स्टैंड स्थित रोडवेज पुलिस चौकी में अक्सर पुलिस स्टाफ मौजूद नहीं रहता। परेशान यात्री मदद के लिए चौकी पर जाते हैं, लेकिन वहां कोई नहीं मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ता है।
सूत्रों के अनुसार रोडवेज के मुख्य प्रबंधन ने भी कई बार संबंधित थानाधिकारी को चौकी पर पुलिस स्टाफ की नियमित तैनाती के लिए अवगत कराया है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। पुलिस की अनुपस्थिति के कारण बस स्टैंड पर वारदातें बढ़ने का खतरा बना रहता है और चोर-उचक्कों का भय खुला घूमता नजर आता है। यात्रियों का कहना है कि यदि किसी के साथ कोई घटना हो भी जाए तो उसकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं होता। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई कर बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
