अवैध खनन पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा बजरी से भरी ट्रैक्टर.ट्रॉलियों के टायरों की निकाली हवा फ़िल्मी स्टाइल मे दौड़ी पुलिस

बी एम राठौर

सांगोद, 10 मई । स्मार्ट हलचल|सांगोद उपखंड के विनोद कलां गांव मे शुक्रवार रात को अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पडा।ग्रामीणों ने हंगामा मचा दिया तथा पुलिस की मौजूदगी में नारेबाजी करते हुए धडल्ले से चल रहे अवैध खनन के कार्य को रूकवाने की गुहार की।पुलिस ने जल्द ऐसे अवैध खनन के गोरखधंधे को बंद करवाने का आश्वासन दिया लेकिन दूसरे दिन शनिवार को भी इस पर कोई बंदिश लगती नहीं दिखी। शुक्रवार को अवैध बजरी के परिवहन की सूचना पर सांगोद पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हो गई जिसके बाद ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए अवैध खनन में लिप्त वाहनों को रोक दिया,इससे घटना स्थल पर हंगामा खडा हो गया,एकत्रित ग्रामीणजन पुलिस की कार्यशैली पर नारेबाजी करते रहे ।

​पुलिस ने अपनी स्टाइल में किया माफियाओं का पीछाः-
जहाँ अवैध खनन की सूचना मिलने पर सांगोद पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही माफियाओं ने ट्रैक्टर.ट्रॉलियों को तेज रफ्तार में दौड़ाना शुरू कर दिया। आगे माफियाओं के ट्रैक्टर और पीछे पुलिस की गाड़ियां,सड़कों पर यह दृश्य किसी फिल्मी चेज से कम नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रेवल से भरे चार ट्रेक्टरों नें विनोदकला गांव मे हड़कंप मचा दिया गलियों मे खेलते बच्चों नें चबूतरी पर भाग अपनी जान बचाई ये तेज रफ्तार वाहन सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं जिससे आए दिन हादसों का डर बना रहता है। ग्रेवल भरी ट्रॉली को ग्रामीणों नें खड़ा करवाकर पाहियों की हवा निकाल दी ताकि माफिया वहां से भाग न सकें।

​पुलिस और ग्रामीणों में काफी देर तक हुई बहसबाजीः-
विनोदकला मे शुक्रवार रात को ​तनावपूर्ण स्थिति उस समय और बढ़ गई जब पुलिस और ग्रामीणों के बीच भी कहासुनी हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चलती रही। ग्रामीणों नें पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए खनन को बन्द करने की मांग की हैं।पुलिस का कहना है कि अवैध खनन माफियाओं को बख्शा नहीं जाएंगा,इनके विरूद्व जल्द एक्शन लेकर कार्यवाही अमल में लाई जाएंगी।