जल-जमीन की जंग नौवे दिन भी जारी: सरकना में श्री सीमेंट प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ मुखर हुए ग्रामीण

‘मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना’—सरकना में छात्र शक्ति की हुंकार, वियोना जाट बोलीं- NSUI भी बैठेगी धरने पर

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जल, जमीन, पर्यावरण और किसानों की आजीविका के संरक्षण को लेकर ग्राम सरकना में ग्रामीणों एवं सरकना संघर्ष समिति का “सरकना बचाओ आंदोलन” नौवें दिन भी शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहा। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर साफ किया कि जब तक उनकी मांगों का ठोस और स्थायी समाधान नहीं होता, आंदोलन खत्म नहीं होगा।नौवें दिन आंदोलन को उस समय बड़ा बल मिला जब जयपुर से NSUI छात्र नेता वियोना जाट अपने काफिले और समर्थकों के साथ सरकना पहुंचीं। उन्होंने संघर्ष समिति व ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। वियोना जाट ने कहा कि यह लड़ाई केवल सरकना की नहीं, बल्कि युवाओं और छात्र शक्ति की भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर NSUI की पूरी टीम ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेगी।

इसी क्रम में अतीत मंड के सरपंच दुष्यंत सिंह भी अपनी टीम के साथ धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के संघर्ष को वाजिब बताते हुए अपना पूर्ण समर्थन जताया।

‘प्रशासन और श्री सीमेंट प्रबंधन निकाले स्थायी समाधान’
सरकना संघर्ष समिति ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र के अधिकारों और पर्यावरण की रक्षा के लिए है। ग्रामीणों ने प्रशासन तथा श्री सीमेंट प्रबंधन से बातचीत के जरिए जल्द से जल्द ठोस और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से मिल रहे लगातार समर्थन से ग्रामीणों का हौसला बुलंद है।