विजयनगर में होने वाले विप्र महाकुंभ को लेकर सावर में बैठक आयोजित, समाजजनों को दिया निमंत्रण

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।राजस्थान ब्राह्मण महासभा एवं विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में 17 जून को विजयनगर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठापना समारोह एवं विप्र महाकुंभ को लेकर सावर स्थित भगवान कल्याण महाराज मंदिर में ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजजनों को महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विप्र फाउंडेशन जोन अजमेर के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय संत प्रखर महाराज की प्रेरणा से विजयनगर कृषि मंडी प्रांगण में विप्र समाज की एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 200 से 300 बच्चों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का वैदिक रीति-रिवाजों से यज्ञोपवीत संस्कार कराया जाएगा।
केकड़ी एमएलडी ग्रुप के चंदू बाबू शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें घोड़े, हाथी, रथ एवं मांगलिक कलश शामिल रहेंगे। उन्होंने समाज के लोगों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने एवं विप्र फाउंडेशन की सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया।
बैठक में रमेश त्रिवेदी, सत्यनारायण शर्मा, रामलक्ष्मण शर्मा, रमेश पाराशर, राजेश शर्मा, किशन बल्लभ पारीक, राजू पारीक, अनिल शर्मा, रामगोपाल कंपाउंडर, पंकज कुमार नायक सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। सावर से महाकुंभ में भाग लेने के लिए दो बसों की व्यवस्था करने की भी रणनीति बनाई गई।