वार्ड 24 की जर्जर सराय बनी खतरे की घंटी, मोहल्लेवासियों ने निगम आयुक्त से लगाई गुहार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। शहर के वार्ड नंबर 24 स्थित कुचबन्दा समाज मोहल्ले में माता महारानी मंदिर के पास नगर निगम की वर्षों पुरानी सराय जर्जर हालत में पहुंच गई है। छत और दीवारों की स्थिति बेहद खराब होने से स्थानीय लोगों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र (कुनाल) गोरण के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सराय का तत्काल निरीक्षण करवाते हुए पुनर्निर्माण अथवा मरम्मत कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि रखरखाव के अभाव में सराय की छत खोखली हो चुकी है तथा दीवारों का प्लास्टर लगातार गिर रहा है। यह सराय घनी आबादी वाले क्षेत्र और माता महारानी मंदिर के समीप होने से यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भवन के कभी भी ढहने से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों ने निगम प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करने और किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले सराय को सुरक्षित बनाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान शुभम गोरण, सोनू चावरिया, रोहित आदिवाल, राज घावरी, राजवीर कुचबन्दा, सौरभ, नरेश, अमल, विक्रम, विक्की, मनीष, अक्षय, ध्रुव, गौरव कुचबन्दा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।