अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|निकाय चुनाव के बीच वार्ड नंबर 30 में निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश सामरिया ने जनसंपर्क कर वार्डवासियों से सीधा संवाद किया। घर-घर पहुंचे सामरिया ने लोगों की समस्याएं सुनीं और चुनाव जीतने पर वार्ड की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से सुधारने का भरोसा दिलाया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने विशेष रूप से पेयजल समस्या को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।सामरिया ने वार्डवासियों से कहा कि वे जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं और वार्ड के लोगों की समस्याओं को करीब से समझते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव उनके लिए केवल प्रतिनिधि बनने का माध्यम नहीं, बल्कि वार्डवासियों की सेवा करने का अवसर है। वार्ड का प्रत्येक निवासी उनके लिए परिवार का हिस्सा है और परिवार की परेशानी को वे अपनी परेशानी समझेंगे।
उन्होंने कहा कि “आप मुझे अपना भाई और बेटा समझकर साथ दें। वार्ड में किसी भी परिवार की परेशानी होगी तो मैं उसके समाधान के लिए आपके साथ खड़ा रहूंगा।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड की समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों से लगातार संपर्क कर समाधान करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
पेयजल समस्या को बताया पहली प्राथमिकता
जनसंपर्क के दौरान पेयजल समस्या को लेकर सामरिया ने कहा कि वार्ड में लोगों को पानी के लिए होने वाली परेशानी को सबसे पहले दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीत के बाद उनकी पहली प्राथमिकता पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना होगी। इसके साथ ही सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट सहित वार्ड की अन्य समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
सामरिया ने कहा कि वे चुनाव के बाद भी वार्डवासियों के बीच उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने वार्ड के लोगों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि जनता का विश्वास मिला तो वह उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे।