नाली निर्माण न होने से 30 मीटर सड़क पर भरा रहता है पानी, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रोज उठा रहे परेशानी_
खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता विकासखंड की ग्राम सभा बसवा में बारिश के मौसम ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव का मुख्य संपर्क मार्ग जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गया है। करीब 30 मीटर लंबे इस मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों के विकास के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, ताकि मूलभूत सुविधाएं बेहतर हो सकें। इसके बावजूद बसवा गांव का मुख्य मार्ग वर्षों से बदहाल है। मार्ग के दोनों ओर नाली का निर्माण न होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर जमा हो जाता है। बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा पूरी सड़क दलदल और जलभराव में तब्दील हो जाती है।
यह मार्ग गांव का प्रमुख रास्ता होने के कारण इसी से होकर स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और किसान प्रतिदिन आवागमन करते हैं। कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों के गिरने और चोटिल होने की घटनाएं आम हो गई हैं। ग्रामीणों में दुर्गेश सिंह ननकू सिंह गुलाब सिंह राजेंद्र सिंह विकास सिंह आदि लोगों ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान और विकासखंड के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो नाली का निर्माण कराया गया और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात के दौरान होने वाली इस गंभीर समस्या को देखते हुए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सचिव राजेंद्र यादव ने बताया कि कल मौके पर जाकर सही कर कुछ हल निकाला जाएगा।
इस संबंध में धाता के खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधान से बात कर के निदान करवाया जाएगा।
