एयरगन के साथ फोटो सोशल मीडिया पर डालना पड़ा भारी, सुनेल पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

सुनेल, 20 जुलाई ।
स्मार्ट हलचल|सुनेल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर एयरगन लहराते हुए फोटो पोस्ट कर आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एयरगन भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एंव थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी ने बताया कि पुलिस के साइबर सेल को सूचना मिली थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर एयरगन लहराते हुए अपनी तस्वीर वायरल कर रहा है। सूचना के बाद थाना सुनेल पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में वायरल फोटो की पहचान उन्हेंल निवासी 20 वर्षीय दानिश उर्फ गोलू पुत्र अकील खां के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर एयरगन के साथ फोटो अपलोड की थी। जांच में फोटो में दिखाई गई एयरगन भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार इस प्रकार हथियार प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने से आमजन में भय का वातावरण बनता है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कोशलराज सिंह तथा राजेश और राजेश सिकिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।