महादेव मंदिर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरड़ा तक बन रहे नाले को पुराने मार्ग से निकालने की मांग-बच्चों की सुरक्षा को बताया बड़ा मुद्दा
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल।अलीगढ़ तहसील क्षेत्र की बरड़ा ढाणी के ग्रामीणों ने नव-निर्मित नाले के संबंध में उपखंड अधिकारी उनियारा, तहसीलदार अलीगढ़ एवं ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अलीगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि महादेव मंदिर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरड़ा तक नाले का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक नाले के पुराने मार्ग को अवरुद्ध कर वहां चबूतरे बना दिए गए हैं, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रामअवतार सैनी पुत्र भैरूलाल सैनी तथा पप्पूलाल सैनी पुत्र स्वर्गीय अम्बालाल सैनी द्वारा नाले के मार्ग को अवरुद्ध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थान पर बनाए गए चबूतरों के कारण वर्षाजल की निकासी बाधित हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि वर्तमान में नाला खसरा संख्या 220 से प्रस्तावित किया जा रहा है और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने मांग की है कि कथित अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक नाले को उसी पुराने मार्ग से निकाला जाए, जहां से पूर्व में पानी की निकासी होती थी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी मार्ग से राजकीय विद्यालय एवं आंगनबाड़ी के बच्चे प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बरसात के दिनों में इस रास्ते पर करीब ढाई से तीन फीट तक पानी भर जाने से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण से पूर्व नाले का निर्माण करवाने, जल निकासी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर कई महिला-पुरूष ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
