(दीपक राठौर)
बिजौलियाँ| स्मार्ट हलचल|बिजोलिया थाना सर्किल के गिरधरपुरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब 11 केवी की बिजली लाइन टूटकर खेत की ओर जा रही एक महिला पर आ गिरा । गिरधरपुरा निवासी प्रेम देवी धाकड़ (50), पत्नी भगवान लाल धाकड़, अपने खेत जा रही थीं, तभी पास के पोल से लटक रही बिजली लाइन अचानक टूटकर उनके कंधे पर गिर पड़ी। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करा दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया, और उन्होंने शव को मौके पर ही रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव मे कई जगह बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटके हुए हैं, जिसकी शिकायत विभाग से बार-बार की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
